
रुड़की। भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और सशक्तिकरण की दिशा में नवगठित भाजपा जिला कार्यकारिणी का स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी ने भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह सहित सभी नवगठित कार्यकारिणी पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और इसका श्रेय संगठन की सुदृढ़ कार्यप्रणाली, कार्यकर्ताओं की निष्ठा और नेतृत्व की दूरदर्शी सोच को जाता है। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर मजबूत कार्यकारिणी का गठन पार्टी की रीढ़ है। यही कार्यकारिणी जनता और सरकार के बीच सेतु का कार्य करती है तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं को पहुंचाने में सहायक सिद्ध होती है।
उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों का आह्वान करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और संगठन की भावना के साथ कार्य करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प को साकार करने में हर पदाधिकारी की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, वह उसका पूरी निष्ठा और परिश्रम से निर्वहन करेंगी। उन्होंने कहा कि जिला कार्यकारिणी समाज के हर वर्ग तक भाजपा की योजनाओं और नीतियों को पहुंचाने के लिए कटिबद्ध है।
जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि संगठन ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है और नए पदाधिकारियों के जुड़ने से यह शक्ति और प्रबल हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भाजपा जिले में संगठनात्मक स्तर पर और अधिक मजबूती प्राप्त करेगी।
भाजपा नेता सागर गोयल ने भी सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और नेतृत्व का मार्गदर्शन भाजपा को और अधिक जन-जन की पार्टी बनाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित सोनू धीमान, सतीश सैनी ,संजय अरोड़ा , संजीव तोमर,भीम सिंह,सौरभ गुप्ता, नितिन गोयल, पंकज नंदा, प्रवेश प्रिया, मुदुप त्यागी, प्रतिभा चौहान, तेजपाल मौर्य, कदम सिंह, अनुज त्यागी, सुशील रावत, गीता मलिक, सचिन चौधरी सहित सभी पदाधिकारियों ने राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी एवं भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह का आभार प्रकट किया और संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मंच पर अजीत चौधरी,धीर सिंह, अभिषेक चंद्रा, राजन गोयल, गौरव कौशिक, मानता चहल, सूर्यकांत सैनी, विवेक चौधरी बी एल अग्रवाल,सहित वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह का वातावरण उत्साह और जोश से परिपूर्ण रहा।





