
हरिद्वार। एक और बहुरूपिया बाबा पुलिस के हत्थे चढ़ गया। ऑपरेशन कालनेमी के तहत चंडीघाट क्षेत्र में घेराबंदी कर इस ढोंगी को गिरफ्तार किया गया।

श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान दीपक कुमार सैनी पुत्र रणबीर सैनी निवासी सुभाष नगर, ज्वालापुर के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि बीते रोज पुलिस टीम को चण्डीघाट क्षेत्र में एक व्यक्ति भगवान शिव का वेश धारण कर घुमते हुए मिला। पुलिस को देख उक्त व्यक्ति की हरकतों में आए बदलाव से संदिग्धता प्रकट होने पर पुलिस कर्मियों ने जब उक्त व्यक्ति से पूछताछ की तो उक्त बहरूपिए ने अपना परिचय दीपक सैनी निवासी सुभाष नगर ज्वालापुर के रुप में देते हुए बताया कि वह लडकियो व महिलाओं को शिव भगवान का आशीर्वाद/प्रसाद देकर उनकी मनोकामना पूर्ण होने का आश्वासन देता है।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी कभी कलयुग का भगवान शिव तो कभी श्रीकृष्ण बनकर भीड़ में घुल-मिल जाता। वह महिलाओं व बच्चियों को प्रसाद और आशीर्वाद के बहाने अपने जाल में फंसाता और फिर अश्लील हरकतें करता था। इतना ही नहीं, वह थाना श्यामपुर में पोक्सो और बीएनएस की गंभीर धाराओं वाले मुकदमे में फरार भी चल रहा था। इस शातिर को पकड़ने में कोतवाली ज्वालापुर,थाना श्यामपुर और एसओजी हरिद्वार की संयुक्त टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम में निरीक्षक अमरजीत सिंह, प्रभारी निरीक्षक एसओजी नरेंद्र बिष्ट, थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, चौकी प्रभारी देवेंद्र तोमर, उपनिरीक्षक पवन डिमरी,महिला उपनिरीक्षक अंजना चौहान, हेड कांस्टेबल प्रेम, कांस्टेबल नरेंद्र, वसीम, अनिल रावत और राजवीर सिंह शामिल रहे। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर पुराने मामलों की गहन जांच में जुटी है। संभावना है कि और भी पीड़ित महिलाएं व बच्चियां आगे आ सकती हैं। आरोपी दीपक कुमार सैनी पुत्र रणवीर सिंह सैनी निवासी गली नंबर बी-9 सुभाष नगर कोतवाली ज्वालापुर जनपद हरिद्वार उम्र 40 वर्ष पर अपनी पत्नि से मारपीट, गाली-गलौच कर दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप में थाना मंडी जनपद सहारनपुर उत्तर प्रदेश में दहेज अधिनियम तथा अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इसके अतिरिक्त भी धार्मिक स्वतंत्रता को आघात करने बलवा, मारपीट, शांतिभंग के आरोपों में कोतवाली ज्वालापुर में विभिन्न मुकदमें दर्ज हैं।





