
देहरादून। एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर नानकमत्ता थाना क्षेत्र में साहनी नर्सरी तिराहे से एमडीएमए ड्रग्स तैयार करने वाले गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया है। मौके से ड्रग्स को तैयार करने में प्रयुक्त किए जाने वाले विभिन्न प्रकार के प्रिकर्सर कैमिकल (लगभग 126 लीटर कैमिकल एवं 28 किलो पाउडर फार्म) और 7.41 ग्राम एमडीएमए बरामद की। आरोपी के खिलाफ नानकमत्ता थाना धारा 21/22/8 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा पंजीकृत किया है। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने बताया कि समस्त प्रिकर्सर कैमिकल एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रतिबन्धित कैमिकल्स की श्रेणी में आते हैं, जिनका बिना वैध लाइसेंस के क्रय-विक्रय एवं परिवहन करना गैर कानूनी है। उन्होंने पुलिस टीम को ₹ 1 लाख की धनराशि से पुरुस्कृत करने की घोषणा की।

एसएसपी एसटीएफ नवनीत भुल्लर ने बताया कि महाराष्ट्र के ठाणे में 31 मई 2025 को दो व्यक्त्यिों को 11 ग्राम एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया गया था। दोनों ने पूछताछ में बताया कि उत्तराखण्ड-नेपाल बार्डर से पिथौरागढ़ के थल क्षेत्र में मोनू गुप्ता एवं कुनाल कोहली ने एमडीएमए फैक्ट्री लगाई गई है, जहां पर एमडीएमए ड्रग्स को तैयार कर मुम्बई समेत अलग-अलग राज्यों में सप्लाई करते है। 26 जून 2025 को ठाणे पुलिस द्वारा पिथौरागढ़ पुलिस के साथ थल में एक पॉल्ट्री फार्म पर छापा मारकर प्रिकर्सर कैमिकल्स बरामद किया गया। परन्तु किसी अभियुक्त की गिरप्तारी नहीं हो पायी थी।
एसएसपी एसटीएफ नवनीत भुल्लर ने बताया कि जून के अन्तिम सप्ताह में ठाणे पुलिस ने पलीया नेपाल बार्डर से मोनू गुप्ता के दो साथियों भीम यादव और अमन कोहली को गिरफ्तार किया था, लेकिन कुनाल कोहली अपने साथी राहुल और विक्रम के साथ नेपाल फरार हो गया था। 11 जुलाई को चम्पावत पुलिस ने अभियुक्त राहुल की पत्नी ईशा को 5.688 किलो एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त राहुल को भी चम्पावत पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है। अभियुक्तों द्वारा पिथौरागढ के थल थाना क्षेत्र में मुर्गी फार्म की आड़ में एमडीएमए का कैमिकल से अवैध रूप से निर्मित करते थे। एसएसपी भुल्लर ने बताया कि एसटीएफ के अधिकारी लगातार एन्टी नारकोटिक्स ब्यूरो, नेपाल पुलिस के अधिकारियों के सम्पर्क में थे, जिनके द्व तकनीकी एवं मैनूवल सूचनायें लगातार साझा की जा रही थी। कल 14 जुलाई 2025 को मुख्य अभियुक्त कुनाल कोहली को एस0टी0एफ0 टीम व नानकमत्ता पुलिस टीम के साथ थाना नानकमत्ता क्षेत्र से गिरफ्तार किया।कुनाल कोहली थाना बनबसा के मु0अ0स0 67/2025 के अतिरिक्त पुलिस स्टेशन कासारवडवली जिला ठाणे महाराष्ट्र के मु0अ0स0 544/2025 तथा मुम्बई क्राईम ब्रान्च की यूनिट डी-2 से मु0अ0स0 60/2024 सभी अर्न्तगत धारा 29/21/8सी एन0डी0पी0एस0 एक्ट में वांछित फरार चल रहा था। गिरप्तार अभियुक्तों की निशादेही से निम्नांकित प्रिकर्सर कैमिकल्स से करीब 06 किलोग्राम एमडीएमए का निमार्ण किया जाना था, जिसकी अन्तराष्ट्रीय बाजार में लगभग 12 करोड़ कीमत होती।





